loader
मोदी राज में उत्पीड़न से तंग व्यापारियों को छोड़ना पड़ा देश : अखिलेश

मोदी राज में उत्पीड़न से तंग व्यापारियों को छोड़ना पड़ा देश : अखिलेश

August 1, 2018, 11:50 AM

केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर व्यापारियों का उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की नीतियों से तंग आकर 40 हजार व्यापारी देश छोड़कर विदेश चले गए हैं। 

यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापारियों के एक दल से बातचीत में कहा भाजपा की सरकार में नोटबंदी जीएसटी के साथ छापेमारी, नोटिस देने जैसी तमाम यातनाएं व्यापारियों को मिल रही है। व्यापारियों को जेल भी भेजा जा रहा है। सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती हैं इसलिए इससे सावधान रहना होगा। वह कोई भी झगड़ा लगा सकती है। 

अखिलेश ने कहा कि व्यापार और व्यापारी पर संकट की स्थिति में सरकार को मदद करनी चाहिए लेकिन भाजपा को इसकी चिंता नहीं है। 40 हजार व्यापारी भारत को छोड़कर विदेश चले गए हैं। व्यापारियों में लूट, अपहरण और हत्या के कारण भारी असुरक्षा है। उनकी समस्याएं सुनी नहीं जा रही है। प्रधानमंत्री सिर्फ अपने मन की बातें करते हैं।   पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए बनी यूपी डायल 100 व्यवस्था को शिथिल कर दिया क्योंकि उसे समाजवादी सरकार ने शुरू किया था।   

यादव ने कहा कि संसद में भाजपा के 73 सांसद है और उत्तर प्रदेश विधानसभा में उसका 324 विधायकों का बहुमत है। केन्द्र सरकार पांच और राज्य सरकार दो बजट ला चुकी है लेकिन इससे विकास का कोई काम नहीं हुआ है। जीएसटी की जटिलता को सरल करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। भ्रष्टाचार में वृद्धि हुई है। भाजपा की कुनीतियों ने भारत की अर्थव्यवस्था को पीछे कर दिया है।   

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी आंदोलन को जीएसटी से धक्का लगा हैं। हम इसे घोषणा पत्र में शामिल करेंगे। व्यापारियों के लिए सुरक्षा सेल बननी चाहिए। समाजवादी सरकार में मंडियों की व्यवस्था की गई थी जिससे व्यापारी और किसान दोनों को सुविधा होती। व्यापार की प्रगति में सड़क और बिजली की जरूरत को देखते हुए समाजवादी सरकार ने कई कदम उठाए थे। उन्होंने कहा व्यापार के लिए नीति, नीयत और सुरक्षा के साथ सुविधा होना आवश्यक है। भाजपा राज में यह सब होना उनके तमाम दावों की तरह असंभव है। इसलिए आक्रोशित व्यापारी 2019 में होने वाले चुनावों के इंतजार में है। 

Share Now


Your Comments!

महत्वपूर्ण सूचना -भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।